चांडिल/नीमडीह: सरायकेला- खरसांवा जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. शनिवार को उपायुक्त के निर्देश पर अधीक्षक उत्पाद के नेतृत्व में चलाए गए छापेमारी अभियान के दौरान नीमडीह थाना क्षेत्र के पुरीयारा गांव में अवैध रूप से संचालित एक चुलाई शराब भट्टी को ध्वस्त कर दिया गया.


कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से 50 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की. वहीं, शराब निर्माण के लिए तैयार किए गए करीब 600 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया.
बताया गया कि छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम को देखते ही भट्टी संचालक मौके से फरार हो गया. मामले में भट्टी संचालक अरुण गोप के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है.
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जिले में अवैध शराब के विनिर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन गंभीर है. इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

