सोनुआ में मानकी-मुंडा और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ किया संवाद, लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होने का किया आह्वान


चाईबासा: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता चम्पाई सोरेन मंगलवार को सोनुआ पहुंचे. यहां सोनुआ बाजार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में उन्होंने स्थानीय मानकी-मुंडा और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की. इस दौरान उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा करने और देश में अराजकता फैलाने वाली ताकतों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया.
अपने संबोधन में चम्पाई सोरेन ने कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में कानून के विरोध में किए जा रहे आंदोलन अराजकता को बढ़ावा देने वाले हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में अराजकता फैलाने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है. देश में कानून के तहत एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया चल रही है. इसके माध्यम से घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं, जबकि वास्तविक नागरिकों के नाम जोड़े जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि झारखंड के कई इलाकों में घुसपैठ के कारण जनसांख्यिकी में बदलाव हो रहा है. जिले के मझगांव क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि वहां भी कई घुसपैठियों ने कब्जा कर लिया है. एसआईआर प्रक्रिया के माध्यम से ऐसे लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया से स्थानीय भूमिपुत्रों और खतियानधारियों के अधिकारों पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
चम्पाई सोरेन ने स्थानीय मानकी-मुंडा और भाजपा कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने तथा उसकी रक्षा के लिए आगे आने की अपील की. उन्होंने कहा कि देश में अराजकता फैलाने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से मुंहतोड़ जवाब देने की जरूरत है.
इससे पूर्व सोनुआ पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ चम्पाई सोरेन का जोरदार स्वागत किया. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय मानकी मदन मोहन सुंडी सहित मुंडा एवं डाकुवा रमाकांत कटियार, शंकर लाल प्रधान, दिनेश महतो, लखिद्र महतो, घासी राम सांडिल, बिरेंदर दोंगों, मोरेन सिंह जामुदा, प्रेम मुंडारी, शिवरतन महतो, निर्मल प्रधान, होपनो हेम्ब्रम, विश्वजीत महतो और साधुचरण डांगिल को माला पहनाकर सम्मानित किया.
मौके पर जिला मंत्री रानी बांदिया, जिला उपाध्यक्ष गोरखनाथ बोदरा, इंद्रजीत सामड, जिला परिषद सदस्य ज्योति मेरल, जितेन्द्र प्रधान, बसंत प्रधान, अनिल गागराई, श्याम गागराई, बीजू प्रधान, गौतम प्रधान, संजीव महतो, हरिचरण मोदी, जेवियर सुंडी और जोशी सुंडी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

