आदित्यपुर: दुर्गा पूजा के दौरान फुटबॉल मैदान में लगे मेले में रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया. मानगो से मेला घूमने आई रानी महाकुड बिजली झूले से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें आनन-फानन में टीएमएच में भर्ती कराया गया. हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति बन गई.



रानी महाकुड का आरोप है कि रात करीब 12 बजे वह झूले से उतर रही थीं, तभी ऑपरेटर ने बिना देखे झूले को आगे बढ़ा दिया. इससे वह करीब 30 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गईं. परिजनों के मुताबिक हादसे में उनके दाहिने हिस्से की कॉलर बोन टूट गई है. इलाज में करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च होने की बात कही गई है. हादसे में झूले का एक कर्मचारी भी घायल बताया जा रहा है.
हादसे के बाद झूला छोड़कर भागे कर्मचारी
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद झूला संचालक और कर्मचारी मौके से चले गए, जबकि कई लोग झूले में ही फंसे रह गए. बाद में उन्हें धीरे-धीरे नीचे उतारा गया.
परिजनों ने झूले के संचालन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए इलाज का खर्च उठाने की मांग की है. उन्होंने सोमवार को मेला संचालक के खिलाफ थाने में शिकायत देने की बात कही है. हालांकि झूला या मेला संचालक का पक्ष अभी सामने नहीं आया है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

