लोहरदगा: लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने लोहरदगा जिले सहित पूरे संसदीय क्षेत्र के लोगों को शारदीय नवरात्र, दुर्गा पूजा, दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है.



अपने शुभकामना संदेश में सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि दुर्गा पूजा असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है. मां दुर्गा से प्रार्थना है कि वे सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आएं. उन्होंने कहा कि दीपावली प्रकाश का पर्व है, जो हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है. यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उमंग और खुशियां लेकर आए.
सांसद ने छठ महापर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छठ पूजा सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति आस्था का अनुपम पर्व है. यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, अनुशासन, पवित्रता और सामाजिक एकता का संदेश देता है.
उन्होंने कहा कि लोहरदगा आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सौहार्द की धरती है. यहां सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर पर्व-त्योहार मनाते हैं. यही हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता की पहचान है.
अंत में सांसद सुखदेव भगत ने मां दुर्गा, मां लक्ष्मी और छठी मैया से सभी जिलावासियों के मंगलमय जीवन, उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की.

