जामताड़ा: पश्चिम बंगाल के अंडाल में हुए सड़क हादसे में जामताड़ा जिले के दो लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान बिंदापाथर थाना क्षेत्र के बांदो खैरा निवासी ब्रजकिशोर सिंह और लायबनी निवासी हनुमान पंडित के रूप में हुई है. हादसे में दोनों की असामयिक मौत की खबर से जामताड़ा जिले में शोक की लहर दौड़ गई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजनों, परिचितों और शुभचिंतकों में मातम पसरा है.



भाजपा कार्यकर्ताओं में ब्रजकिशोर के निधन से शोक
मृतक ब्रजकिशोर सिंह भाजपा संगठन से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ता थे. सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी रहती थी. इसके अलावा वह भजन-कीर्तन गायन से भी जुड़े हुए थे. उनके निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा दुख है. वहीं, हनुमान पंडित के असामयिक निधन से उनके परिजनों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पोस्टमार्टम के बाद पैतृक निवास लाए जाने की संभावना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद जामताड़ा स्थित उनके पैतृक निवास लाए जाने की संभावना है. हालांकि, सड़क हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दुर्घटना के पीछे क्या कारण रहे, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.
इस दुखद घटना पर क्षेत्र के लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है.लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की है.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

