गम्हरिया: सरायकेला- खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की पहल पर गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार से डायलिसिस सेवा की शुरुआत हो गई. हंस फाउंडेशन के सहयोग से पहले चरण में यहां चार डायलिसिस यूनिट स्थापित की गई हैं. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने इसका विधिवत शुभारंभ किया.


डायलिसिस की सुविधा शुरू होने से गम्हरिया और आसपास के क्षेत्रों के किडनी रोगियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को डायलिसिस के लिए दूसरे अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी.

CHC पर मरीजों का काफी दबाव: उपायुक्त
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों का काफी दबाव है. चाहे डायलिसिस का मामला हो या क्रिटिकल केयर का, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इसे लेकर गंभीर है. फिलहाल डायलिसिस सेवा शुरू होने से मरीजों को काफी सहूलियत मिलेगी. उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं.
जल्द शुरू हो सकती है माइनर OT की सुविधा
उपायुक्त ने कहा कि CHC में जल्द माइनर ऑपरेशन थिएटर (OT) की व्यवस्था शुरू करने का भी प्रयास किया जा रहा है. इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है. डायलिसिस यूनिट की शुरुआत को गम्हरिया क्षेत्र में सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

