चांडिल: राजनीति में कई बार शब्दों से ज्यादा तस्वीरें बोलती हैं. ईचागढ़ की राजनीति में रविवार को सामने आई एक तस्वीर भी कुछ ऐसी ही कहानी कहती नजर आ रही है. महज दो दिन पहले आजसू पार्टी से इस्तीफा देने वाले हरेलाल महतो अब दिल्ली में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के साथ नजर आए हैं. दोनों की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरेलाल महतो के अगले राजनीतिक कदम को लेकर चल रही अटकलों को एक बार फिर हवा मिल गई है.


हरेलाल महतो दिल्ली में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ के आवास पर आयोजित करम मिलन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. इसी दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के साथ उनकी तस्वीर सामने आई. तस्वीर में दोनों नेताओं की मौजूदगी को लेकर ईचागढ़ से लेकर प्रदेश की राजनीति तक चर्चा शुरू हो गई है.
हरेलाल महतो ने 26 सितंबर को आजसू पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और केंद्रीय महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद से ही उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चा तेज है. राजनीतिक हलकों में 11 अक्टूबर की तारीख की चर्चा भी चल रही है. हालांकि हरेलाल महतो या भाजपा की ओर से अब तक सदस्यता ग्रहण की तारीख को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है.
क्या दिल्ली की तस्वीर दे रही आने वाले कल का संकेत ?
आजसू से इस्तीफे के महज दो दिन बाद हरेलाल महतो का दिल्ली पहुंचना और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के साथ तस्वीर सामने आना स्वाभाविक रूप से राजनीतिक चर्चाओं का विषय बन गया है. तस्वीर अपने आप में किसी दल में शामिल होने की पुष्टि नहीं करती, लेकिन मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम के बीच इसके सियासी मायने जरूर निकाले जा रहे हैं.
अब सबकी निगाह 11 अक्टूबर पर टिकी है. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि हरेलाल महतो नवरात्र के दौरान भाजपा का दामन थाम सकते हैं. यदि ऐसा होता है तो आजसू से उनके अलग होने के बाद शुरू हुई राजनीतिक अटकलों पर विराम लग जाएगा. फिलहाल हरेलाल महतो ने अपने अगले राजनीतिक पड़ाव को लेकर पत्ते पूरी तरह नहीं खोले हैं. दिल्ली से सामने आई तस्वीर ने इतना जरूर कर दिया है कि ईचागढ़ की राजनीति में हरेलाल महतो के अगले कदम को लेकर चल रही चर्चा अब और तेज हो गई है.

