कांड्रा: कांड्रा में दुर्गा पूजा और रावण दहन का आयोजन हर वर्ष बड़े पैमाने पर होता है. खासकर रावण दहन के दिन कांड्रा में लाखों लोगों की भीड़ जुटती है. ऐसे में कांड्रा मेन रोड की मौजूदा जर्जर स्थिति गंभीर चिंता का विषय बन गई है.


मेन रोड पर जगह-जगह गड्ढे और क्षतिग्रस्त सड़क के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है. खराब सड़क के चलते दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है. सामान्य दिनों में ही जब सड़क की यह स्थिति है, तो पूजा और रावण दहन के दौरान बढ़ने वाले वाहनों और पैदल श्रद्धालुओं के दबाव में स्थिति कितनी गंभीर हो सकती है, इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है.
अब सवाल यह है कि जब प्रशासन को पहले से पता है कि रावण दहन के दिन कांड्रा में लाखों लोगों की भीड़ जुटती है, तो सड़क की मरम्मत के लिए किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों किया जाए?
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल और समयबद्ध कार्रवाई की मांग की है. मांग है कि संबंधित विभाग के अधिकारी कांड्रा मेन रोड का तत्काल स्थल निरीक्षण करें और पूजा शुरू होने से पहले सभी गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों की स्थायी अथवा आवश्यकतानुसार तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करें.
इसके साथ ही रावण दहन के दिन यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग, पार्किंग और पैदल श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था पहले से तैयार की जाए.
लोगों का कहना है कि पूजा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता. प्रशासन सड़क की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करे, ताकि किसी दुर्घटना के बाद व्यवस्था संभालने के बजाय उससे पहले ही संभावित खतरे को खत्म किया जा सके.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

