चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में हुए शब्बीर हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी को कपाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.


कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि जनवरी 2025 में शब्बीर की धारदार चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद पुलिस ने हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. वहीं मामले में आरोपी मोहम्मद फरहान उर्फ फरहान खान फरार चल रहा था.
पुलिस के अनुसार करीब 19 वर्षीय मोहम्मद फरहान उर्फ फरहान खान कपाली के ताजनगर स्थित मुसल दुकान के समीप का रहने वाला है. उसके पिता का नाम स्वर्गीय मुमताज खान है. हत्याकांड के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी.
पुलिस को फरहान के संबंध में गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया. न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि हत्याकांड में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी. उन्होंने कहा कि आपराधिक मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा. छापेमारी दल में सब इंस्पेक्टर हसनैन अंसारी समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

