जमशेदपुर: यूनाइटेड क्लब में भारतीय शास्त्रीय नृत्य, संगीत, संस्कृति और भक्ति को समर्पित विशेष सांस्कृतिक संध्या ‘बैठकी नंदोत्सव’ का आयोजन किया गया. यूनाइटेड क्लब और डैनफिट इंटरनेशनल के संयुक्त सहयोग से आयोजित कार्यक्रम की थीम ‘नृत्य और भक्ति का उत्सव’ रही. कलाकारों ने विभिन्न नृत्य शैलियों के माध्यम से श्रीकृष्ण और नंदोत्सव की भक्ति को मंच पर जीवंत किया.


कार्यक्रम का नेतृत्व डैनफिट इंटरनेशनल की निदेशक एवं सह- संस्थापक मिस्टु मुखर्जी तथा संस्थापक व कोरियोग्राफर कल्याण भौमिक ने किया. सुभब्रत चटर्जी ने ओडिसी नृत्य प्रस्तुत किया. वहीं कौशिक मित्रा और सयानी मित्रा ने ‘आत्म समर्पण’ के माध्यम से राधा-कृष्ण के प्रेम और भक्ति भाव को नृत्य में पिरोया.
कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
अंकिता मल्लिक, अहाना चटर्जी, स्रोबोना पॉल, अंशिका दास, बैशाखी मन्ना, श्रेयशी दास, सौली दास और श्यामाली चौधरी सहित अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक संध्या को खास बनाया.
कार्यक्रम से पूर्व अंशिका दास के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय भरतनाट्यम कार्यशाला भी आयोजित की गई थी. प्रशिक्षण लेने वाले विद्यार्थियों ने भी मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन किया. महिला विद्यार्थियों और गृहिणियों ने रवींद्र संगीत पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में अलग रंग भरा. बैशाखी मन्ना की रवींद्र नृत्य प्रस्तुति के साथ सांस्कृतिक संध्या का भावपूर्ण समापन हुआ.

