जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है. जमशेदपुर पुलिस, कोबरा बटालियन, कोलकाता एसटीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटा बांकी- कुड़लुंग पहाड़ तथा चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोभी जंगल में करीब 11 घंटे तक सघन सर्च अभियान चलाया. पुलिस के अनुसार इस दौरान माओवादी ठिकानों पर छिपाकर रखी गई एक AKM राइफल, एक इंसास राइफल, 232 कारतूस और पांच मैगजीन समेत अन्य सामग्री बरामद की गई.


वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर सुबह करीब पांच बजे अभियान शुरू किया गया, जो शाम चार बजे तक चला. पुलिस के अनुसार भाकपा माओवादी से संबंधित मंगल महतो और मालती मुर्मू से मिली जानकारी एवं उनकी निशानदेही के आधार पर दुर्गम जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली गई.
कुड़लुंग पहाड़ से इंसास, जोभी जंगल से मिली AKM
पुलिस के मुताबिक एमजीएम थाना क्षेत्र के कुड़लुंग पहाड़ में तलाशी के दौरान छिपाकर रखी गई एक इंसास राइफल बरामद हुई. इसके बाद चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोभी जंगल में चलाए गए अभियान में एक AKM राइफल के साथ 232 कारतूस, पांच मैगजीन और अन्य सामग्री बरामद की गई.
बरामद हथियारों और गोला- बारूद को पुलिस ने विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है. अब यह पता लगाया जा रहा है कि हथियारों को जंगल में कब और किस उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था तथा इनका इस्तेमाल किन घटनाओं में किया गया.
चार सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर चलाया अभियान
संयुक्त अभियान में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सचिन कुमार दास, बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार और चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार समेत जिला पुलिस के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे. इसके अलावा कोबरा-209, कोबरा-203, झारखंड जगुआर और कोलकाता एसटीएफ की टीमों ने भी अभियान में हिस्सा लिया. पुलिस के अनुसार बरामदगी के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है. नक्सल प्रभावित एवं दुर्गम इलाकों में माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सर्च अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा.

