जमशेदपुर: मनीफिट टीओपी क्षेत्र में मंगलवार को टाटा कंपनी की ओर से कथित अतिक्रमण हटाने और दुकानें खाली कराने की कार्रवाई की सूचना मिलते ही दुकानदार सड़क पर उतर आए. बुलडोजर कार्रवाई का विरोध करते हुए बड़ी संख्या में दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क जाम कर दी. इससे क्षेत्र में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई.


बताया जाता है कि कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद बंटी सिंह के नेतृत्व में दुकानदार मौके पर जुटे और विरोध शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए, जिससे भारी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई. जाम के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
दुकानदारों की मांग- पहले वैकल्पिक व्यवस्था, फिर हटाएं
प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों का कहना है कि वे वर्षों से मनीफिट क्षेत्र में दुकानें लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं. उनका आरोप है कि वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना उन्हें वहां से हटाने की तैयारी की जा रही है. दुकानदारों ने मांग रखी कि किसी भी कार्रवाई से पहले उनके पुनर्वास अथवा दुकान लगाने के लिए वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था की जाए.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी मांगों पर ठोस निर्णय होने तक तोड़फोड़ अथवा बुलडोजर कार्रवाई का विरोध जारी रहेगा. इस दौरान कंपनी प्रबंधन और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई.
घंटों प्रभावित रहा यातायात, मौके पर तनाव
सड़क जाम की वजह से मनीफिट टॉप क्षेत्र में काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा. मौके पर लोगों की भीड़ बढ़ने के कारण तनाव की स्थिति बनी रही. समाचार लिखे जाने तक दुकानदारों का विरोध जारी था और संबंधित पक्षों की ओर से स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे थे.
हालांकि संबंधित दुकानें वास्तव में अतिक्रमण की श्रेणी में हैं या नहीं और उन्हें हटाने के लिए कंपनी की ओर से किस आधार पर कार्रवाई प्रस्तावित की गई है, इस संबंध में कंपनी प्रबंधन अथवा प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.

