खरसावां: ओत गुरु कोल लाको बोदरा की जयंती के अवसर पर सोमवार को खुंटपानी प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में युवाओं और अन्य रक्तदाताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और कुल 25 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया.


शिविर का उद्घाटन खरसावां विधायक दशरथ गागराई, समाजसेवी बासंती गागराई और सदर अस्पताल चाईबासा के उपाधीक्षक डॉ. शिवचरण हासदा ने ओत गुरु कोल लाको बोदरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा: दशरथ गागराई
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है. एक यूनिट रक्त जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. उन्होंने युवाओं से नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की.

उन्होंने ओत गुरु कोल लाको बोदरा के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके विचार समाज को शिक्षा, जागरूकता और सेवा के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं.
समाजसेवी बासंती गागराई ने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान के प्रति समाज में और जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है. युवाओं को सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए.
रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण, प्रमाण पत्र देकर सम्मान
डॉ. शिवचरण हासदा ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है. दुर्घटना, प्रसव, ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों के उपचार के दौरान रक्त की आवश्यकता पड़ती है, इसलिए स्वैच्छिक रक्तदान बेहद महत्वपूर्ण है. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद रक्त संग्रह किया. रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया.
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि दुर्गाचरण पाडिया, धर्मेंद्र कुमार मुंडा, मुन्ना सोय, राहुल सोय, बबलू गोडसरा, डॉ. मीना मुर्मू, डिंबू तियू, अर्जुन हेंब्रम, विजय सिंह तियू, जयसिंह बोदरा, बिरसा तियू, हरिश बानरा, दुंबी हाईबुरू, बबलू बोदरा, सुनील तियू, राहुल गोप, दुर्गा गोप, रजनी बानरा और रायमुनी कांडियांग समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

