जमशेदपुर: शहर के युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच अब एक कथित मीडिया संस्थान तक पहुंच गई है. मामले की कड़ियां जोड़ रही पुलिस ने सोमवार को न्यायालय के आदेश के बाद सोनारी में संचालित एक कथित न्यूज संस्थान के कार्यालय में दबिश देकर करीब डेढ़ घंटे तक तलाशी ली.


बताया जा रहा है कि कार्रवाई जमशेदपुर और सरायकेला पुलिस ने संयुक्त रूप से की. तलाशी के दौरान पुलिस को कुछ जानकारियां और सुराग मिलने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि वहां से क्या दस्तावेज, डिजिटल उपकरण या अन्य सामग्री मिली है.
अशोक सिंह राघव से जुड़े नेटवर्क की परतें खंगाल रही पुलिस
पुलिस की जांच अब हत्याकांड के मुख्य आरोपी बताए जा रहे अशोक सिंह उर्फ़ राघव से जुड़े नेटवर्क, उसके ठिकानों और आय के स्रोतों की ओर बढ़ रही है. इसी क्रम में सोनारी स्थित कथित न्यूज 26 कार्यालय की भूमिका भी जांच के दायरे में आई है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संबंधित न्यूज संस्थान का संचालन किसके नियंत्रण में हो रहा था, उसकी आर्थिक व्यवस्था क्या थी और उसे धन कहां से उपलब्ध कराया जा रहा था.
अपराध और मीडिया के कथित गठजोड़ की भी जांच
इस मामले में अपराध के लिए मीडिया प्लेटफॉर्म या उससे जुड़े लोगों के कथित इस्तेमाल का पहलू भी जांच के केंद्र में बताया जा रहा है. आपको बता दें कि निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस पहले ही कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है. मामले में कथित शूटरों के अलावा पश्चिम बंगाल पुलिस से जुड़े एक अधिकारी और एक महिला सिविल वॉलिंटियर की भूमिका भी जांच के दायरे में आने की बात सामने आई है. अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर है. खासकर सोनारी स्थित कार्यालय की तलाशी से मिले तथ्यों और राघव से उसके कथित संबंधों को लेकर पुलिस के आधिकारिक खुलासे के बाद ही तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
बाईट

