चांडिल: कपाली नगर परिषद क्षेत्र में गैस गोदाम रोड स्थित जामुन पेड़ गुमटी के समीप मुख्य सड़क किनारे टूटा बिजली पोल राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है. पोल के टूटे हिस्से से लोहे का नुकीला सरिया करीब एक फीट तक बाहर निकला है, जिससे पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है.


स्थानीय लोगों के अनुसार, इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, राहगीर और वाहन चालक गुजरते हैं. सड़क किनारे निकला सरिया दिन में भी खतरनाक है, जबकि शाम और रात में कम रोशनी के कारण इसे देख पाना और मुश्किल हो जाता है. लोगों का दावा है कि इसकी चपेट में आकर कुछ राहगीर चोटिल भी हो चुके हैं.
लोगों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया. उन्होंने आशंका जताई कि समय रहते टूटे पोल और बाहर निकले सरिये को सुरक्षित नहीं किया गया तो गंभीर दुर्घटना हो सकती है.
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग और कपाली नगर परिषद से स्थल का तत्काल निरीक्षण कराने, बाहर निकले सरिये को हटाने तथा क्षतिग्रस्त पोल की जगह सुरक्षित व्यवस्था करने की मांग की है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

