कुचाई: ओत गुरु कोल लाको बोदरा की 107वीं जयंती पर कुचाई में उनकी स्मृति को मानव सेवा से जोड़ते हुए रक्तदान शिविर लगाया गया. श्री सोमेश्वरनाथ महादेव ट्रस्ट सनमत कल्याण अस्पताल परिसर में आयोजित शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने रक्तदान किया. दिनभर चले शिविर में कुल 55 यूनिट रक्त संग्रह किया गया.


प्रखंड कुचाई, कुचाई थाना और केएनटी बुद्धिजीवी मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर का उद्घाटन आईटीडीए निदेशक उषा मुंडू, एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, बीडीओ साधुचरण देवगम, कुचाई थाना प्रभारी रविन्द्र मुंडा और अस्पताल प्रबंधन के आशीष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
लाको बोदरा के विचारों को मानव सेवा से जोड़ा
कार्यक्रम में वक्ताओं ने ओत गुरु कोल लाको बोदरा के सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षा और सांस्कृतिक चेतना के लिए किए गए उनके कार्य आज भी प्रेरणा देते हैं. उनकी जयंती पर रक्तदान शिविर आयोजित कर जरूरतमंदों की मदद करना उनके प्रति सार्थक श्रद्धांजलि है.

अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए युवाओं से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की. कहा गया कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है, इसलिए नियमित रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता जरूरी है.
जांच के बाद लिया गया रक्त, प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
शिविर में रक्तदान करने पहुंचे लोगों का सदर अस्पताल सरायकेला के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया. जांच के बाद योग्य पाए गए लोगों से सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया. रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र और उपहार देकर सम्मानित भी किया गया.
आयोजकों के अनुसार संग्रहित रक्त जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपलब्ध कराया जाएगा. शिविर को सफल बनाने में केएनटी बुद्धिजीवी मंच, अस्पताल कर्मियों, स्वयंसेवकों, स्थानीय युवाओं और छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भूमिका निभाई.
कार्यक्रम में मुखिया राम सोय, अमित चौबे, रूपेश कुमार, डॉ. अनुपमा कुमारी, शिव कुमार, मनोज महतो, मुन्ना सोय, विनय कुमार सिंह, माजीराम जामुदा, गोपाल कृष्ण सोय, चंद्र मोहन मुंडा और अर्जुन लोहार समेत स्थानीय समाजसेवी, युवा एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. आयोजकों ने शिविर में सहयोग करने वाले सभी लोगों और रक्तदाताओं के प्रति आभार जताया.

