जामताड़ा: साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, आठ एटीएम कार्ड, एक चेकबुक और ₹2 लाख 20 हजार 50 रुपये नकद बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल की गोपनीय जानकारी हासिल करते थे और इसके बाद साइबर ठगी को अंजाम देते थे. पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की. टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के दुधानी गांव में मनीष कुमार मंडल के घर छापेमारी कर एक आरोपी को पकड़ा. इसके बाद जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव में सिद्धार्थ दत्त के घर छापेमारी की गयी, जहां से तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया.


चार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में विकास मंडल (22), पिता जितेन मंडल, ग्राम लटैया, थाना नारायणपुर, देव दत्त (20), पिता उत्तम दत्ता, जयदेव साहनी (19), पिता नरेश साहनी तथा सिद्धार्थ दत्त (34), पिता गोर्वधन दत्त, सभी सोनबाद, थाना जामताड़ा निवासी शामिल हैं.
ऐसे देते थे ठगी को अंजाम

पुलिस के अनुसार, आरोपी हरियाणा सिटी एवं अवानी गैस के उपभोक्ताओं को बिल अपडेट कराने के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजते थे. उपभोक्ता जैसे ही APK फाइल डाउनलोड कर उसे इंस्टॉल करता था, आरोपी मोबाइल में मौजूद गोपनीय जानकारी तक पहुंच बना लेते थे. इसके बाद बैंकिंग समेत अन्य संवेदनशील जानकारी का इस्तेमाल कर साइबर ठगी की जाती थी. इसी तरह यूको बैंक समेत अन्य बैंकों के ग्राहकों को भी झांसे में लेकर APK फाइल डाउनलोड करायी जाती थी. APK इंस्टॉल होने के बाद आरोपियों द्वारा मोबाइल से गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी करने की बात पुलिस जांच में सामने आयी है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों का अपराध क्षेत्र मुख्य रूप से देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था.
साइबर थाना में मामला दर्ज
मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 50/26, दिनांक 19 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने BNS 2023 की धारा 111(2)(b), 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2), 3(5), IT Act की धारा 66(B), 66(C), 66(D) तथा Telecommunications Act 2023 की धारा 42(3)(e) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. छापेमारी दल में साइबर अपराध थाना प्रभारी पु.नि. राजेश मंडल, पु.नि. अनिल अभिषेक, पु.नि. अमित कुमार तथा रिजर्व गार्ड के आरक्षी और हवलदार शामिल थे. पुलिस ने बरामद मोबाइल, सिम, एटीएम कार्ड, चेकबुक और नकदी के आधार पर गिरोह के नेटवर्क तथा देश के विभिन्न राज्यों में इसके संभावित कनेक्शन की जांच शुरू कर दी है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

