सरायकेला: शारदीय नवरात्र और दुर्गापूजा महोत्सव को लेकर इंद्रटांडी में तैयारियां तेज हो गई हैं. रविवार की रात दुर्गा मंदिर परिसर में श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, इंद्रटांडी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में क्षेत्र के गणमान्य लोगों और स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.


बैठक में दुर्गापूजा महोत्सव को भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया. इस दौरान सर्वसम्मति से नई पूजा समिति का गठन किया गया. समिति के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी एक बार फिर पार्थो सारथी आचार्य को सौंपी गई. वहीं बबन सिंह, प्रभात कुमार सत्पथी, देवराज सारंगी, अर्थो दास और दीपक पाणिग्रही को उपाध्यक्ष बनाया गया. शंभू आचार्य को सचिव, मलय आचार्य को सह-सचिव, रंजीत कुमार आचार्य को कोषाध्यक्ष तथा तपन आचार्य को सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई.
संरक्षक मंडल का गठन
समिति के संरक्षक मंडल में सुबोध पाणिग्रही, राज बागची, सनद आचार्य, दिलीप आचार्य, उज्ज्वल सिंह और ताराचंद राणा को शामिल किया गया. वहीं शिबू पाणिग्रही, विष्णु देव आचार्य, शिवम नायक, राकेश आचार्य, संजय सारंगी, गणेश मिश्रा और सनत आचार्य समेत करीब 100 सदस्यों को समिति में शामिल किया गया. बैठक में निर्णय लिया गया कि इंद्रटांडी के सभी निवासी दुर्गापूजा आयोजन में समिति के सदस्य के रूप में सहभागी होंगे.
श्रद्धा और सामाजिक सौहार्द के साथ होगा आयोजन
बैठक में मौजूद सदस्यों ने कहा कि दुर्गापूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पूरे समाज को एकजुट करने वाला पर्व है. समिति का प्रयास रहेगा कि इस वर्ष पूजा महोत्सव को श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द के साथ भव्य रूप दिया जाए. पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई. आयोजन को सफल बनाने के लिए स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की गई. नई समिति के गठन के साथ ही इंद्रटांडी में दुर्गापूजा को लेकर उत्साह का माहौल बन गया है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस वर्ष का आयोजन भव्य होने के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे की मिसाल कायम करेगा.
संपादक: प्रमोद सिंह

