जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत मानगो गोलचक्कर के समीप बुधवार देर शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया. टाटा से भागलपुर जाने वाली यात्री बस शंकर-पार्वती अनियंत्रित होकर पारडीह रोड स्थित सिंधी होटल के समीप खड़ी दो मोटरसाइकिलों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई. हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए ले जाया गया.


बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद एक मोटरसाइकिल बस के नीचे ही फंसी रही. हादसे की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस मानगो बस स्टैंड से खुलकर मानगो गोलचक्कर होते हुए डिमना चौक की ओर जा रही थी. इसी दौरान मानगो चौक के समीप कथित रूप से बस का ब्रेक फेल हो गया. चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और बस डिमना की ओर जाने के बजाय पारडीह रोड की तरफ बढ़ गई. इसी दौरान सिंधी होटल के समीप खड़ी दो मोटरसाइकिलें उसकी चपेट में आ गईं.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भयावह था. व्यस्त मानगो गोलचक्कर के समीप बस के अनियंत्रित होने के बावजूद किसी व्यक्ति के उसकी चपेट में नहीं आने से बड़ा हादसा टल गया. फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.

