जामताड़ा: नगर पंचायत क्षेत्र में जल निकासी की समस्या के समाधान की दिशा में पहल शुरू कर दी गई है. बुधवार को नगर पंचायत के वार्ड संख्या 10 स्थित सुभाष चौक में मानवी होटल से कामेश्वर यादव के घर तक आरसीसी स्लैबयुक्त नाली निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता ने किया. इस अवसर पर समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता सहित नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों के पार्षद और स्थानीय लोग मौजूद रहे.


शिलान्यास के दौरान नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि सुभाष चौक पर शहर के विभिन्न हिस्सों से आने वाला बारिश का पानी जमा हो जाता था. खासकर मानसून के दौरान जलजमाव के कारण दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था. क्षेत्र के लोग लंबे समय से यहां नाली निर्माण की मांग कर रहे थे.
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान स्थानीय लोगों ने जल निकासी की समस्या को प्रमुखता से उठाया था. उस समय उन्होंने नाली निर्माण कराने का वादा किया था. चुनाव जीतने के बाद अब उस वादे को पूरा करने की दिशा में काम शुरू किया गया है. नगर पंचायत की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान करना है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
नगर अध्यक्ष ने बताया कि नाली का निर्माण आरसीसी स्लैबयुक्त तरीके से किया जा रहा है. इससे बारिश के पानी की निकासी बेहतर होगी. साथ ही नाली के ऊपर स्लैब रहने से लोगों को आवागमन में भी सुविधा मिलेगी. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सुभाष चौक और आसपास के क्षेत्रों में बरसात के दौरान होने वाले जलजमाव से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है.
वहीं समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि सुभाष चौक पर आरसीसी नाली निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी. बारिश के दिनों में पानी जमा होने के कारण दुकानदारों और आम लोगों को काफी परेशानी होती थी. ऐसे में नाली निर्माण कार्य शुरू होना क्षेत्रवासियों के लिए राहत की खबर है. उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द पूरा होगा.
नाली निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में भी खुशी देखी गई. लोगों ने उम्मीद जताई कि इस निर्माण के बाद वर्षों पुरानी जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

