चाईबासा: सिंहभूम की सांसद जोबा माझी के प्रयास से मनोहरपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है. लंबे समय से की जा रही मांग को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी देते हुए टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189/18190) के मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव को स्वीकृति दे दी है. रेलवे बोर्ड की ओर से 27 अगस्त 2026 को जारी आदेश में इस ट्रेन का मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर ठहराव शुरू करने की अनुमति दी गई है.


सांसद जोबा माझी ने 22 जनवरी 2026 को रांची में आयोजित सांसदों की मंडलीय समिति की बैठक में क्षेत्र की रेल सुविधाओं और यात्रियों की समस्याओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए थे. इसी दौरान उन्होंने रेलवे के जीएम और डीआरएम के समक्ष टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव देने की मांग प्रमुखता से रखी थी.
सांसद ने रेलवे अधिकारियों को बताया था कि मनोहरपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा, इलाज और अन्य कार्यों के लिए दक्षिण भारत सहित विभिन्न राज्यों की यात्रा करते हैं. ऐसे में इस महत्वपूर्ण ट्रेन का मनोहरपुर में ठहराव यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा.
रेलवे बोर्ड ने जारी किया आदेश
रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) राजेश कुमार की ओर से जारी आदेश में ट्रेन संख्या 18189/18190 टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस को मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर ठहराव देने की स्वीकृति दी गई है. संबंधित रेलवे जोन को सुविधाजनक तिथि से ठहराव शुरू करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही टिकट बिक्री केंद्रों पर इसकी जानकारी प्रमुखता से प्रदर्शित करने और यात्रियों तक सूचना पहुंचाने को कहा गया है.
दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत
टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर में ठहराव से मनोहरपुर के साथ आनंदपुर, गोइलकेरा, सोनुआ और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को फायदा मिलेगा. खासकर दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए अब दूर के स्टेशनों तक जाने की परेशानी कम होगी.
मनोहरपुर क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग रोजगार एवं अन्य कार्यों के सिलसिले में दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं. इसके अलावा विद्यार्थियों, व्यापारियों, मरीजों और उनके परिजनों के लिए भी यह ठहराव महत्वपूर्ण साबित होगा.
सांसद के प्रयास की क्षेत्र में सराहना
रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी है. मनोहरपुर में महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही थी. सांसद जोबा माझी द्वारा सांसदों की मंडलीय समिति की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद रेलवे बोर्ड से मिली स्वीकृति को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
अब रेलवे की ओर से ठहराव शुरू करने की तिथि निर्धारित किए जाने का इंतजार है. ट्रेन का ठहराव शुरू होने के बाद मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्रों के हजारों रेल यात्रियों के लिए दक्षिण भारत की यात्रा अधिक सुविधाजनक हो सकेगी.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

