जामताड़ा: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर डीएन एकेडमी स्कूल परिसर में शनिवार को विद्यार्थियों के लिए विशेष हॉकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में डॉक्टर भास्कर चंद, हॉकी एसोसिएशन के सचिव ने विद्यार्थियों को हॉकी के बुनियादी गुर सिखाए. इसके साथ ही बच्चों को शारीरिक फिटनेस और खेल के दौरान चोट से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई.


प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को हॉकी खेलने की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास कराया गया. साथ ही स्ट्रेचिंग और अन्य शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से फिटनेस पर ध्यान दिया गया. प्रशिक्षक ने बच्चों को बताया कि खेल शुरू करने से पहले शरीर को वार्मअप और स्ट्रेचिंग के माध्यम से तैयार करना बेहद जरूरी है. इससे मांसपेशियों में खिंचाव और खेल के दौरान होने वाली चोटों की संभावना कम होती है.
विद्यार्थियों को चोट से बचाव के लिए आवश्यक व्यायाम भी कराए गए और उन्हें व्यायाम करने का सही तरीका समझाया गया. प्रशिक्षण में बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया. हॉकी की तकनीक सीखने के साथ फिटनेस गतिविधियों में भाग लेकर विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए.
मौके पर स्कूल के निदेशक प्रदीप कुमार भैया सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक मौजूद रहे. विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेल और शारीरिक गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है. ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ती है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

