इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
जामताड़ा: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस कार्यालय में ‘वंदे मातरम्’ गीत के गायन को कथित रूप से रोके जाने के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने रविवार को मां चंचला चौक पर कांग्रेस का पुतला दहन किया. कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह ने किया. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ‘वंदे मातरम्’ के सम्मान को लेकर विरोध जताया.
भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जा रहा था, इसी दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी द्वारा इशारा कर गीत को रोकने का संकेत दिया गया. उन्होंने इसे राष्ट्रगीत का अपमान बताते हुए कहा कि इसी के विरोध में पुतला दहन किया गया.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिमोहन मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पर राष्ट्रीय प्रतीकों और संवैधानिक मूल्यों के अपमान का आरोप लगा है. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों से कांग्रेस की कथित राष्ट्रवादी प्रतिबद्धता पर सवाल खड़े होते हैं.
भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रभावना से जुड़ा महत्वपूर्ण गीत है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व द्वारा इसके गायन को रोकने का प्रयास देश की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है.
भाजपा नेता संतन मिश्रा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए गौरव का अवसर है. उन्होंने कांग्रेस के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर राष्ट्रभावना से जुड़े गीत का सम्मान किया जाना चाहिए.
इस दौरान भाजपा नेता नित्य गोपाल सिंह, जिला मंत्री आभा आर्या, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, अंजनी तिवारी, प्रवीण मिश्रा, लखिन्द्र सिंह, ब्रजेश राउत, शुभम साव, अरिजीत मिश्रा, उदय मंडल, संतोष राणा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.