जमशेदपुर: टंडवा में कथित मोब लिंचिंग की घटना में जान गंवाने वाले युवक इमरोज के परिजनों से मिलने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता सरफराज हुसैन गुरुवार को उनके आवास पहुंचे. उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.



सरफराज हुसैन ने परिजनों से घटना की जानकारी लेते हुए कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ इस प्रकार की अमानवीय घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
मुलाकात के दौरान उन्होंने चतरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से फोन पर बात कर मामले में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाना चाहिए और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिलना चाहिए.
झामुमो नेता ने प्रशासन से घायल परिजनों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और सरकार से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का भी आग्रह किया. उन्होंने कहा कि झामुमो इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और जरूरत पड़ने पर इस मामले को सरकार एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष भी उठाया जाएगा.
उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है. ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई जरूरी है, ताकि आम लोगों का कानून पर विश्वास बना रहे.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





