सरायकेला: जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग-2026 के तहत शनिवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेले गए दोनों मुकाबलों में रोमांच, तेज़ रफ्तार खेल और गोलों की बारिश देखने को मिली. पहले मैच में बीपीएस हाथीटांड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एमएलसी भेलाईडीह को 7-0 से रौंद दिया. वहीं दूसरे मुकाबले में अयांश पावर ईचागढ़ ने एबीपी तेंगाडीह, नीमडीह को 1-0 से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की.


पहले मुकाबले में बीपीएस हाथीटांड़ की टीम शुरू से ही पूरी तरह हावी रही. मैच के शुरुआती सात मिनट में ही टीम ने लगातार तीन गोल दागकर विपक्षी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया. इसके बाद पूरे मुकाबले में हाथीटांड़ का दबदबा कायम रहा.
टीम की ओर से दुर्गा मार्डी ने शानदार हैट्रिक लगाई, जबकि रतन हांसदा और मुनीराम किस्कू ने दो-दो गोल दागकर टीम की 7-0 की एकतरफा जीत सुनिश्चित की. दूसरे हाफ में लगातार चार गोल कर हाथीटांड़ ने अपनी आक्रामकता का शानदार प्रदर्शन किया.
दिन के दूसरे मुकाबले में अयांश पावर ईचागढ़ और एबीपी तेंगाडीह, नीमडीह के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला. दोनों टीमों ने कई आक्रमण किए, लेकिन मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल सादन हांसदा ने किया. इसी गोल की बदौलत अयांश पावर ने 1-0 से मुकाबला अपने नाम कर लिया.
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला ओलंपिक संघ के सचिव सिकंदर महतो, जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद दिलदार, समाजसेवी विनायक दुबे तथा पिनाकी रंजन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया. उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं.
मैचों के सफल संचालन में दिकू हेंब्रम, शंकर सरदार, लक्ष्मण सरदार, संतोष महतो, एन. सिंहदेव, समीर महतो, बिरेन पॉल तथा रतन मुर्मू ने रेफरी की भूमिका निभाई.
20 जुलाई के मुकाबले.
पहला मैच (दोपहर 2:00 बजे).
एनएससी बुरुडीह बनाम एमएलसी भेलाईडीह.
दूसरा मैच (दोपहर 3:30 बजे).
सुमित एफसी सीनी बनाम एबीपी तेंगाडीह, नीमडीह.
स्थान.
बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला.
जिला फुटबॉल लीग के लगातार रोमांचक मुकाबलों से फुटबॉल प्रेमियों में उत्साह चरम पर है. आगामी मैचों को लेकर भी दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
प्रमोद सिंह (संपादक)





