
सरायकेला: जिले में कानून- व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से शनिवार को सरायकेला थाना पुलिस ने शहर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी के निर्देश पर थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में निकले इस मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए. मार्च के दौरान आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया, वहीं अड्डेबाजी, गुंडागर्दी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों को कड़ी चेतावनी दी गई.


फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख चौक- चौराहों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा. इस दौरान पुलिस ने लोगों से संवाद स्थापित कर कानून- व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की. शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी से आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई, जबकि असामाजिक तत्वों में हड़कंप का माहौल देखने को मिला.
मार्च के दौरान थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम करना भी है. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति धमकी देता है, रंगदारी मांगता है, डराने-धमकाने का प्रयास करता है अथवा किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तत्काल सरायकेला थाना को सूचित करें. पुलिस हर सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करेगी.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “सरायकेला में कानून से ऊपर कोई नहीं है. अड्डेबाजी, गुंडागर्दी, हुड़दंग और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जो भी व्यक्ति कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या लोगों में भय का माहौल बनाने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. आम नागरिक बेखौफ रहें, उनकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.”
उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे गलत संगत और अड्डेबाजी से दूर रहें तथा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें. पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था बनाए रखने और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए आगे भी नियमित रूप से फ्लैग मार्च, वाहन जांच अभियान तथा विशेष एंटी क्राइम अभियान चलाए जाएंगे. अपराध और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून का उल्लंघन करने वालों के साथ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी.
प्रमोद सिंह (संपादक)





