
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या के बहुचर्चित मामले का पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग मुख्य कारण था. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सरबजीत सिंह उर्फ साहेब सिंह उर्फ शब्बे समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में शब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली उर्फ बाबा तथा अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय शामिल हैं.


एसएसपी ने बताया कि 8 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के समीप राहुल बच्चा पर ईंट, पत्थर और लकड़ी के लट्ठों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई थी. घटना में राहुल के साथ मौजूद उसका साथी प्रत्युष भी घायल हुआ था. मृतक के भाई राजा कुमार के बयान पर मानगो थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी के पर्यवेक्षण एवं एएसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचना तंत्र और त्वरित छापेमारी के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी शब्बे ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसने वारदात में प्रयुक्त हथियार जवाहरनगर फॉरेस्ट लाइन क्षेत्र में छिपा रखा है. पुलिस जब उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने पहुंची तो शब्बे ने छिपाकर रखी लोडेड देसी पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में शब्बे के पैर में गोली लगी. घायल आरोपी का इलाज एमजीएम अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है.
पुलिस ने घटनास्थल एवं आरोपी की निशानदेही पर खून के नमूने, खून से सने कपड़े, ईंट, पत्थर, लकड़ी का टुकड़ा, चप्पल, खून लगे रुपये, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा हथियार बरामद किए हैं.
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि मुख्य आरोपी शब्बे, अफताब अली और अमरजीत प्रसाद के विरुद्ध पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. वहीं मृतक राहुल बच्चा का भी हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट सहित कई मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है.
Edited By Sarita





