
सरायकेला: भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सरायकेला पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है. गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी स्वयं सड़क पर उतरे और पूरे रथ यात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने यात्रा मार्ग के संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया, पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए तथा मौसीबाड़ी परिसर पहुंचकर मेला क्षेत्र की तैयारियों और विधि- व्यवस्था की समीक्षा की.


निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों के साथ पूरे रूट का भ्रमण करते हुए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी पहलुओं का बारीकी से अवलोकन किया. उन्होंने संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि रथ यात्रा जिले की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण पर्व है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

इसके बाद एसपी मौसीबाड़ी परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने लगने वाले मेले की तैयारियों का निरीक्षण किया. इस दौरान मेला समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी एवं सचिव छोटेलाल साहू से विस्तृत चर्चा कर श्रद्धालुओं की संभावित संख्या, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने समिति के सदस्यों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की.
पुलिस अधीक्षक ने सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार को निर्देश दिया कि रथ यात्रा के दौरान विधि- व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रहे. यात्रा मार्ग, मेला परिसर तथा भीड़भाड़ वाले सभी स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार रहे और प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखी जाए.
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, आपातकालीन निकासी मार्ग एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. साथ ही सभी पुलिस पदाधिकारियों को श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया.
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कहा, “रथ यात्रा आस्था, श्रद्धा और सामाजिक सौहार्द का महापर्व है. हमारी प्राथमिकता है कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर सके. पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, कानून- व्यवस्था बिगाड़ने अथवा माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सभी नागरिक प्रशासन का सहयोग करें तथा सुरक्षा और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें.”
एसपी ने स्पष्ट किया कि रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी. वर्दीधारी पुलिस बल के साथ- साथ सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी. संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और रथ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो सके.
प्रमोद सिंह (संपादक)





