
रामगढ़: पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में संचालित एक मिनी हथियार निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. हजारीबाग पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अर्द्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने के उपकरण और मशीनें बरामद की हैं. मामले में एक दंपती को गिरफ्तार किया गया है.


बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के एके. कोलियरी दत्तो में अवैध हथियार बनाने का काम चल रहा है. सूचना के आधार पर रामगढ़ और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त टीम ने दिनेश विश्वकर्मा के घर पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान घर में संचालित अवैध मिनी हथियार निर्माण फैक्ट्री का खुलासा हुआ.
छापेमारी में पुलिस ने 7.65 एमएम के तीन अर्द्धनिर्मित पिस्टल, नौ मैगजीन, फायरिंग पिन, ट्रिगर, कॉक पिन, बॉडी लॉक पिन, स्प्रिंग, बट कवर, पिस्टल का ढांचा सहित हथियार निर्माण में प्रयुक्त कई कल-पुर्जे बरामद किए. इसके अलावा ड्रिल मशीन, गैस कटर, वेल्डिंग मशीन, रेलवे पटरी के टुकड़े, हथौड़ा, टूल बॉक्स, रेंच, चिमटा सहित अन्य उपकरण भी जब्त किए गए. पुलिस ने दो मोबाइल फोन और एक एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की है.
इस मामले में पुलिस ने दिनेश विश्वकर्मा (45) और उसकी पत्नी नूतन देवी (38) को गिरफ्तार किया है. दोनों एके. कोलियरी दत्तो, भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के रहने वाले हैं. जबकि उनका स्थायी पता बिहार के नवादा जिले में बताया गया है.
एसपी ने क्या कहा
रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी पिछले काफी समय से अवैध हथियार बनाकर अपराधियों तक उसकी आपूर्ति कर रहे थे. मामले में पतरातु (भुरकुंडा ओपी) थाना कांड संख्या-165/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
उन्होंने बताया कि इस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने, हथियारों की सप्लाई चेन, खरीददारों और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पतरातु के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है. पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच कर रही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





