
जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन (DD) बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी एवं बार संचालक भाजपा नेता नीरज सिंह को उनके दो सहयोगियों राजेश मंडल और सुदर्शन मंडल उर्फ लालटू के साथ बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इससे पहले मामले के मुख्य आरोपी एवं दो लाख रुपये के इनामी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने जमशेदपुर सिविल कोर्ट स्थित सीजीएम न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया.


इस मामले में अब तक 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. पुलिस का कहना है कि अनुसंधान अभी जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है.
गौरतलब है कि नीरज सिंह को राजस्थान से गिरफ्तार किए जाने के बाद पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाई थी. पूछताछ पूरी होने के बाद बुधवार को उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया. जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
एसएसपी ने क्या कहा
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रेस वार्ता में बताया कि जांच के दौरान नीरज सिंह के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं. इसी आधार पर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने जांच के दौरान तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. जिनकी जांच की जा रही है. आवश्यकता पड़ने पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. नीरज सिंह के विरुद्ध पूर्व से आपराधिक मामले दर्ज हैं.
क्या है पूरा मामला
27 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन (DD) बार के बाहर विवाद के दौरान करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह और प्रत्युष पर धारदार हथियार से हमला किया गया था. हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उपचार के दौरान हिमांशु सिंह की मौत हो गई, जबकि प्रत्युष घायल हो गया. घटना के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन कर तकनीकी साक्ष्यों. सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर लगातार कार्रवाई की. मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की गिरफ्तारी पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था. जिसने बुधवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. एसएसपी का कहना है कि इस बहुचर्चित हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. जरूरत पड़ने पर आगे भी गिरफ्तारियां की जाएंगी.
Edited By Shubham Mishra





