
जामताड़ा: जिले में लगातार हो रही बारिश ने खरीफ सीजन को रफ्तार दे दी है. इसी बीच जामताड़ा प्रखंड के सोनबाद गांव से एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई, जहां जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार किसानों के साथ खेत में उतरकर धान की रोपनी करते नजर आए. उनके साथ प्रखंड तकनीकी प्रबंधक इकबाल हुसैन भी मौजूद रहे.


इस दौरान कृषि पदाधिकारी ने किसानों से संवाद कर आधुनिक खेती, बिचड़ा उपचार और वैज्ञानिक पद्धति से धान की रोपाई की जानकारी दी. उन्होंने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर बेहतर उत्पादन सुनिश्चित करने की अपील की.
जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार ने बताया कि इस वर्ष जिले में 52 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें अब तक करीब 10 प्रतिशत क्षेत्र में रोपनी पूरी हो चुकी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा कर लिया जाएगा. लगातार हो रही बारिश और कृषि विभाग की सक्रिय भागीदारी से किसानों में उत्साह बढ़ा है. किसानों को इस बार बेहतर उत्पादन और अच्छी पैदावार की उम्मीद है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





