
सरायकेला: जिला प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद कायम रखने की पहल के तहत उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं. इस दौरान भूमि विवाद, बिजली, पेयजल, सड़क, राशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं समेत जनहित से जुड़े कई मामलों पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए.


जनता दरबार में मत्स्यजीवी समिति ने तालाब बंदोबस्ती की बढ़ी हुई राजस्व दर पर पुनर्विचार की मांग रखी. वहीं कुचाई के बेरासीसीरूम में जर्जर बिजली तारों की मरम्मत, खरसावां शहीद पार्क के रखरखाव, ईचागढ़ कस्तूरबा विद्यालय में नामांकन, मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना की लंबित राशि, आदित्यपुर में रास्ता विवाद और तमोलिया-कपाली मार्ग पर नाली निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण जनसमस्याएं भी उपायुक्त के समक्ष उठाई गईं.
उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है. उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, यह प्रशासन की प्राथमिकता है.
प्रमोद सिंह (संपादक)





