
गम्हरिया: थाना क्षेत्र के महुलडीह गांव में शनिवार को झारखंड आंदोलन के वरिष्ठ आंदोलनकारी एवं पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पुराने सहयोगी रहे स्वर्गीय जोगेश्वर टुडू की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने स्व. टुडू की प्रतिमा और समाधि स्थल पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.


श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए चंपाई सोरेन ने कहा कि स्व. जोगेश्वर टुडू झारखंड आंदोलन के समर्पित, संघर्षशील और कर्मठ योद्धा थे. झारखंड राज्य के निर्माण के आंदोलन में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि जोगेश्वर टुडू ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा समाज और झारखंड आंदोलन के लिए समर्पित किया. उनका संघर्ष, त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है.
उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन से जुड़े ऐसे वीर सपूतों के सपनों को साकार करना और उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी. समाज और राज्य के विकास के लिए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है.

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भी स्व. जोगेश्वर टुडू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए. श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूरे परिसर में श्रद्धा, सम्मान और भावनात्मक वातावरण बना रहा.
इस अवसर पर सिमल सोरेन, बबलू सोरेन, मिथुन कुंभकार, शिवो मंडल, विक्रम मार्डी, राकेश सतपति सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल






