
सरायकेला: जिले के कुचाई प्रखंड स्थित बिरसा स्टेडियम में शनिवार को प्रखंड स्तरीय सुब्रतो फुटबॉल प्रतियोगिता एवं लिटिल चैंपियन 2026-27 का विधिवत शुभारंभ हुआ. प्रतियोगिता का उद्घाटन वरीय शिक्षक भैरव दास एवं सुखराम कुम्हार ने फुटबॉल को किक मारकर किया. उद्घाटन के साथ ही खिलाड़ियों, शिक्षकों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला.


उद्घाटन समारोह के दौरान अतिथियों ने विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना, अनुशासन तथा टीम वर्क के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया. वरीय शिक्षक भैरव दास ने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक भावना का भी विकास करता है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें उचित अवसर और मंच देने की है.

सुखराम कुम्हार ने अपने संबोधन में कहा कि सुब्रतो फुटबॉल प्रतियोगिता और लिटिल चैंपियन जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं. उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना बनाए रखते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपील की. साथ ही कहा कि खेल गतिविधियां बच्चों और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करती हैं.
प्रतियोगिता में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया. उद्घाटन मुकाबला रोमांचक रहा, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और स्थानीय ग्रामीण बिरसा स्टेडियम पहुंचे. दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया.
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और खिलाड़ियों का चयन अगले स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा. कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालयों के शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
इस अवसर पर बीपीओ मिहीर कुमार दास, लेखापाल कृष्ण मोहन महतो, वरीय शिक्षक भैरव दास, सुखराम कुम्हार, सीआरपी राजकुमार महतो, मंगल बेसरा, बासुदेव महतो, कुशल सोय, नीलम हासदा सहित अनेक शिक्षक, छात्र-छात्राएं और खेल प्रेमी उपस्थित रहे.
Edited By Sarita






