
सरायकेला: अवैध बालू उत्खनन और भंडारण को लेकर इंडिया न्यूज़ वायरल बिहार- झारखंड में प्रकाशित समाचार के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है. उपायुक्त के निर्देश पर गुरुवार को जिला खनन विभाग और गम्हरिया अंचल कार्यालय की संयुक्त टीम ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सापड़ा बालू घाट में औचक निरीक्षण किया.


निरीक्षण के दौरान किसी भी घाट पर अवैध उत्खनन होता नहीं पाया गया. हालांकि जांच के क्रम में वाहन संख्या JH05AG- 2259 बिना वैध परिवहन चालान के बालू परिवहन करते पकड़ा गया. प्रशासन ने वाहन को मौके पर जब्त कर आदित्यपुर थाना के सुपुर्द कर दिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

इसके बाद शाम करीब 4 बजे मोटरयान निरीक्षक के नेतृत्व में पाटा टोल प्लाजा पर खनिज लदे वाहनों की विशेष जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान वाहनों में तिरपाल, ओवरलोडिंग और वैध परिवहन दस्तावेजों की जांच की गई. जांच में नियमों का उल्लंघन करने वाले 5 वाहनों से कुल 23 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.
Edited By Sarita






