
सरायकेला: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर लोगों के बीच फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए गुरुवार को उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी नीतीश कुमार सिंह ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की. उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR किसी का नाम मतदाता सूची से हटाने का अभियान नहीं है, बल्कि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों को सुधारने और मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाने की प्रक्रिया है.


उपायुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया और विभिन्न राजनीतिक दलों के माध्यम से कई तरह की भ्रामक जानकारियां प्रसारित की जा रही हैं, जिससे लोगों में अनावश्यक भ्रम की स्थिति बन रही है. उन्होंने मतदाताओं से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप SIR प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करने की अपील की.
उन्होंने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 तक जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूरी हो जाएगी, उन्हें भी मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा. इसके लिए पात्र युवाओं को अलग से फॉर्म-6 भरना होगा.
उपायुक्त ने बताया कि SIR प्रक्रिया की तैयारियां 20 जून 2026 से शुरू हो चुकी हैं. प्रशिक्षण, प्रिंटिंग और अन्य कार्य 29 जून तक पूरे किए जाएंगे. इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) दो सेट एन्यूमरेशन फॉर्म लेकर घर-घर जाएंगे. मतदाता फॉर्म की जांच करेंगे और एक प्रति अपने पास सुरक्षित रखेंगे. यदि किसी प्रकार की त्रुटि मिले तो बिना हस्ताक्षर किए फॉर्म बीएलओ को वापस कर सकेंगे.
उन्होंने कहा कि त्रुटियों के निराकरण और दावों-आपत्तियों की प्रक्रिया 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक चलेगी. इस दौरान आयोग जरूरत पड़ने पर संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी कर दस्तावेजों की मांग करेगा तथा आवश्यक जांच भी की जाएगी.
उपायुक्त के अनुसार 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को होगा.
उन्होंने बताया कि झारखंड राज्य गठन के बाद यह दूसरी बार SIR प्रक्रिया संचालित की जा रही है. वर्ष 2003 की मतदाता सूची के आधार पर वर्तमान सूची की मैपिंग की जा रही है. इस दौरान कुछ तकनीकी और प्रक्रियागत परेशानियां आ सकती हैं, लेकिन जिला निर्वाचन प्रशासन पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ त्रुटिरहित SIR प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है.
उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और मतदाताओं से इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की. इस अवसर पर एडीसी जयवर्धन कुमार, एसडीओ अभिनव प्रकाश, उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
प्रमोद सिंह
संपादक






