
बोकारो: जिला के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के डायमंड सिटी में मंगलवार को जमीन और मकान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि चंद्रदीप, उसके बेटे गोलू, साली तथा दो दर्जन से अधिक महिला- पुरुषों ने नकाब पहनकर उनके घर में घुसकर हमला किया और जबरन कब्जा करने की कोशिश की. घटना में पंधारी यादव, उनकी बेटी समेत परिवार के कई सदस्य घायल हो गए.


पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावर गेट तोड़कर घर में घुसे और मारपीट की. पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें कुछ लोग गेट पर हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं.
हंगामे के दौरान पंधारी यादव के बेटे और बेटी ने कथित तौर पर चंद्रदीप के बेटे गोलू को पकड़कर घर के अंदर बंद कर दिया. घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन आरोप है कि करीब दो घंटे बाद पिंडराजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले गई.
पीड़ित परिवार का आरोप है कि चंद्रदीप ने पहले जमीन और मकान निर्माण के नाम पर उनसे पैसे लिए थे. बाद में भुगतान नहीं होने का हवाला देकर वह मकान पर कब्जा करने का प्रयास करने लगा. इस मामले को लेकर न्यायालय में मुकदमा चल रहा है. पीड़ितों का दावा है कि अदालत का फैसला अपने पक्ष में नहीं आने की आशंका के कारण आरोपियों ने जबरन कब्जे की कोशिश की.
परिवार का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने घर में मौजूद छोटे बच्चों तक को नहीं बख्शा. उन्होंने यह भी कहा कि चंद्रदीप जमीन कारोबार से जुड़ा है और उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. मामले में दूसरे पक्ष का बयान सामने नहीं आया है.
Edited By Sarita






