
जामताड़ा: जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत महतोड़ीह गांव में रविवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया. तेज गरज-चमक और बारिश के बीच ढीभी तालाब के समीप बांस के एक झुंड पर आसमानी बिजली गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. वज्रपात की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे.


जानकारी के अनुसार, कोरीडीह वन से हेठटोला जाने वाले पीसीसी मार्ग के किनारे स्थित बांस के झुंड पर अचानक वज्रपात हुआ. बिजली गिरते ही बांस के झुंड में आग लग गई और वहां से धुआं उठने लगा. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी.
राहत की बात यह रही कि घटना स्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर कई घर होने के बावजूद किसी व्यक्ति या मवेशी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
इस घटना ने एक बार फिर खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है. मौसम विभाग और प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और ऊंची वस्तुओं से दूर रहें तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लें.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






