जमशेदपुर: बिहार में भरत भूषण तिवारी की कथित फर्जी मुठभेड़ में मौत के विरोध में रविवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन चौक पर टाटानगर मंडल कांग्रेस कमिटी के बैनर तले विरोध- प्रदर्शन किया गया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिहार सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री के पुतले का दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया.



प्रदर्शन का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष मुन्ना मिश्रा ने किया. उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी व्यक्ति को न्यायिक प्रक्रिया के बिना मौत के घाट उतारना कानून और संविधान की भावना के खिलाफ है. उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की.
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि सरकार इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करती है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. विरोध-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए. प्रदर्शन के बाद पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया गया.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





