
सरायकेला: पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर रविवार को RIT थाना क्षेत्र के मीरूडीह मैदान में जनजागरूकता अभियान चलाया गया. थाना प्रभारी रविकांत पाराशर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय लोगों को नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और साइबर अपराध सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया.


अभियान के दौरान पुलिस टीम ने लोगों को डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध कानून, महिला अपराध, महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी अधिकारों तथा सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी दी. साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, आपातकालीन सेवा डायल-112 और साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी जानकारी साझा की गई.
पुलिस ने बच्चा चोरी जैसी अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की. लोगों से कानून का पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने का भी आग्रह किया गया.
थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने कहा, “नशा समाज के लिए गंभीर चुनौती है. इसके साथ ही साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और बाल संरक्षण जैसे विषयों पर जागरूक रहना भी बेहद जरूरी है. पुलिस का उद्देश्य केवल कानून लागू करना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज का निर्माण करना है. किसी भी आपात स्थिति में लोग बिना संकोच डायल-112 या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें.”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, महिलाएं, युवा एवं बच्चे मौजूद रहे. सभी ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक रहने का संकल्प लिया.
Edited By Sarita



