
जामताड़ा: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने धतुला क्रिकेट ग्राउंड में योग शिविर का आयोजन कर सामूहिक योगाभ्यास किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया.


योग शिक्षक रंजीत यादव ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के अनेक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है.
भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष तापस भट्टाचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं. इसी क्रम में योग दिवस पर कार्यकर्ताओं ने सामूहिक योग कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया.
भाजपा नेता निपेन सिंह ने कहा कि योग आज विश्वभर में स्वास्थ्य और संतुलित जीवन का प्रतीक बन चुका है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कोलकाता में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए.
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय मानव अधिकार परिषद एवं भारत कल्याण संगठन के संस्थापक राहुल जोशी ने सभी योग साधकों के बीच टी-शर्ट का वितरण किया. भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता सह एनएचआरडब्ल्यूओबी की सचिव प्रिया दत्ता सिंह ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है.
पूर्व जिला उपाध्यक्ष निमाई सेन ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे हमारे ऋषि-मुनियों ने विश्व को दिया. आज इसकी उपयोगिता पूरे विश्व ने स्वीकार की है.
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सोमनाथ सिंह, पूर्व जिला महामंत्री प्रभाष हेम्ब्रम, मितेश साह, राजेश यादव, सुभाष यादव, पवन वर्मा, चिंतामणि भंडारी, अमर यादव, गुरुपद पंडित, फणीभूषण मंडल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल


