
जामताड़ा: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जामताड़ा जिले में सभी थाना परिसरों सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया.


मुख्य कार्यक्रम दुलाडीह स्थित टाउन हॉल में आयोजित हुआ, जहां उपायुक्त आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने जिले के अन्य अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों के साथ योगासन एवं प्राणायाम किया. कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया.
उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में योग स्वस्थ और निरोग रहने का सबसे सरल एवं प्रभावी माध्यम है. यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकाले तो कई बीमारियों से बचा जा सकता है और जीवन को बेहतर बनाया जा सकता है.
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने कहा कि योग शारीरिक मजबूती के साथ मानसिक संतुलन भी प्रदान करता है. विशेष रूप से पुलिसकर्मियों के लिए नियमित योग तनावपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर निर्णय लेने और कार्यक्षमता बनाए रखने में सहायक है.
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है. नियमित योग से तनाव कम होता है, एकाग्रता बढ़ती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल


