
जमशेदपुर: शहर में चेन छीनतई की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार सुबह सूर्य मंदिर के पास मॉर्निंग वॉक कर रही रीना मिश्रा के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए.


घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पीड़िता और स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन बदमाशों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी.
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की तलाश में जुटी है.
गौरतलब है कि हाल ही में पुलिस ने चेन छीनतई गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था. पूछताछ के दौरान एक आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी थी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी थी. इसके बावजूद शहर में लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Edited By Sarita


