
जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देशानुसार 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कॉमन योगा प्रोटोकॉल कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 07:00 बजे नगर भवन दुलाडीह, जामताड़ा में किया जाएगा. कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए संबंधित विभागों को सक्रिय किया है.


उपायुक्त आलोक कुमार ने जिलेवासियों को योग दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और मजबूत मस्तिष्क के लिए अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने बताया कि इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” निर्धारित की गई है, जो जीवन के प्रत्येक चरण में शारीरिक क्षमता, मानसिक संतुलन और समग्र कल्याण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाती है.
उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का माध्यम है, जो व्यक्ति के भीतर आत्मशक्ति और जागरूकता का विकास करता है. उपायुक्त ने सभी जिलेवासियों से अपील की कि वे इस कार्यक्रम में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करें और योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं.
जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अवधनाथ यादव ने बताया कि आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं. अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है.
यह आयोजन जिले में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल


