
चाईबासा. सोनुआ प्रखंड के टोपोटोला धोलाबनी स्थित गुरुकुल द इंटरनेशनल इंस्टीट्यूशन में शनिवार सुबह लगभग 10 बजे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया. इस अवसर पर विद्यालय के करीब साढ़े तीन सौ बच्चों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया. कार्यक्रम में शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए योगाभ्यास में भाग लिया.


योग सत्र के दौरान शिक्षक सुदिश कुमार प्रधान ने बच्चों को सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, ताड़ासन, भुजंगासन सहित विभिन्न योग आसनों का अभ्यास कराया. इस दौरान बच्चों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया.

विद्यालय के चेयरमैन प्रदीप कुमार प्रधान ने कहा कि योग कोई साधारण व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का एक प्राचीन माध्यम है. उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और गौरवशाली परंपरा का अभिन्न हिस्सा है. हमारे ऋषि-मुनियों ने हजारों वर्ष पहले योग का अमूल्य उपहार पूरी दुनिया को दिया था. आज यह गर्व की बात है कि पूरी दुनिया योग को अपना रही है और प्रत्येक वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रही है.
कार्यक्रम में योगाभ्यास को लेकर बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया. इस अवसर पर निलीमा प्रधान, बादल कैवर्त, कल्याणी प्रधान, डॉली दास, रश्मि प्रधान, रचना प्रधान, मीरा, भाग्यवती, अन्नु, तृप्ति, रेखा रजक, संध्या महाली, निर्मला, विकास, कालीचरण सहित कई शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक


