
जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र के संकोसाई रोड नंबर-4 निवासी सुदर्शन शर्मा (लगभग 80 वर्ष) की शनिवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई. बताया जाता है कि सुदर्शन शर्मा प्रतिदिन की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान डिमना से मानगो की ओर जा रही एक अज्ञात बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए.


हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की सहायता से घायल बुजुर्ग को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है.
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन सहित फरार हो गया. अज्ञात बस की पहचान और चालक का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है. पुलिस विभिन्न संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है.
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की है.
Edited By Sarita Mahato


