
आदित्यपुर: चार दिन पूर्व पत्रकार सुनील कुमार गुप्ता एवं उनके पुत्र पर हुए हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पत्रकारों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है. प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला- खरसावां के बैनर तले गुरुवार शाम से आदित्यपुर थाना के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया. जिले के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे पत्रकारों ने धरना में शामिल होकर घटना के खिलाफ एकजुटता दिखाई.


धरना पर बैठे पत्रकारों ने कहा कि किसी पत्रकार पर हमला केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला है. उनका आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने में विफल रही है, जिससे पत्रकार समाज में भारी नाराजगी है.
धरना स्थल पर पत्रकारों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई. प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक हमले के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
पत्रकारों ने अपनी मांगों में दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच, पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, पुलिस की कथित लापरवाही की जांच तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी.
धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार समाज और जनहित के मुद्दों को सामने लाने का कार्य करते हैं. ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा. धरना स्थल पर बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे. सभी ने एक स्वर में कहा कि न्याय मिलने और आरोपियों की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रहेगा.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय


