
जामताड़ा: मिहिजाम के राजवाड़ी स्थित मां काली मंदिर में बुधवार को आयोजित भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम बन गया. सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र जय मां काली के जयघोष से गूंज उठा.


वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और विशेष पूजा-अर्चना के बीच मां काली की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान के साथ संपन्न कराई गई. धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में महिला समिति की सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वर्षों से मंदिर की सेवा और देखरेख कर रही महिलाओं के प्रयासों से यह आयोजन भव्य स्वरूप ले सका.

महोत्सव में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और बच्चे शामिल हुए. श्रद्धालुओं ने मां काली के दर्शन कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की. प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंदिर परिसर में खिचड़ी भोग महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया.
स्थानीय लोगों ने कहा कि राजवाड़ी काली मंदिर लंबे समय से क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है. मंदिर के जीर्णोद्धार और प्राण प्रतिष्ठा के बाद इसकी धार्मिक महत्ता और बढ़ गई है. लोगों का मानना है कि मां काली की कृपा से क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा और समृद्धि का संचार होगा.
समिति की महिलाओं ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं और समाजसेवियों के प्रति आभार व्यक्त किया. भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और महाप्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ. यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सेवा भाव और सामुदायिक सहभागिता का भी प्रतीक बनकर सामने आया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल


