आदित्यपुर: आरआईटी थाना पुलिस ने कई वर्षों से फरार चल रहे एक इश्तिहार वारंटी के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई करते हुए उसके घर पर इश्तिहार चस्पा किया. यह कार्रवाई थाना प्रभारी के निर्देश पर की गई.


जानकारी के अनुसार आदित्यपुर (आरआईटी) थाना कांड संख्या 288/11 एवं एस.टी. संख्या 101/13(S) के इश्तिहार वारंटी बब्लू घासी उर्फ बब्लू करुआ, पिता स्वर्गीय शंकर मांझी, निवासी निमपाड़ा, थाना आरआईटी, जिला सरायकेला- खरसावां की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस द्वारा उसके घर पर छापेमारी की गई. हालांकि आरोपी अपने घर पर मौजूद नहीं मिला.
इसके बाद पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों को सूचना देते हुए विधिवत डुगडुगी और ढोल बजाकर उद्घोषणा की तथा दो गवाहों की उपस्थिति में आरोपी के घर पर न्यायालय द्वारा जारी इश्तिहार चस्पा कर तामिला की कार्रवाई पूरी की.
थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने वाले फरार अभियुक्तों के खिलाफ आगे भी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लंबे समय से फरार आरोपियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है. इस कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक अनिरुद्ध कुमार सिंह, आरक्षी हृदय कुमार सिंह तथा गृहरक्षक चालक मनीष कुमार सिंह शामिल थे.

