चांडिल: ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने गुरुवार को विधायक मद से निर्मित 32.93 लाख रुपये की लागत वाली चार विकास योजनाओं का उद्घाटन किया. उन्होंने शिलापट्ट का अनावरण कर योजनाओं को जनता को समर्पित किया.


उद्घाटन के तहत नीमडीह प्रखंड के सामानपुर, हेवेन और झिमड़ी गांव में तीन पीसीसी सड़कों का लोकार्पण किया गया. वहीं चांडिल प्रखंड के डोबो गांव में दुर्गा मंदिर के समीप निर्मित सामुदायिक भवन का भी उद्घाटन किया गया.

सामानपुर में आरईओ रोड से सुकूराम टुडू के घर तक लगभग 5.10 लाख रुपये की लागत से 350 फीट लंबी पीसीसी सड़क बनाई गई है. हेवेन गांव में जागरण मांझी के घर से गोपाल मांझी के घर तक लगभग 5.75 लाख रुपये की लागत से 400 फीट सड़क का निर्माण कराया गया है. वहीं झिमड़ी गांव में हनुमान मंदिर से साधु महतो के घर तक लगभग 7.07 लाख रुपये की लागत से पीसीसी सड़क बनाई गई है.
इसके अलावा चांडिल प्रखंड के डोबो गांव में लगभग 14.99 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया गया. यह भवन ग्रामीणों के सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए उपयोगी साबित होगा.

इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि ग्रामीणों की जरूरतों और मांगों के अनुरूप विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है. उन्होंने कहा कि पीसीसी सड़क बनने से ग्रामीणों को बरसात के दिनों में कीचड़ और आवागमन की समस्याओं से राहत मिलेगी तथा गांवों की संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी.
कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, सचिव शंकर सिंह, सुजीत महतो, हरिचरण महतो, नारायण मांझी, उदय महतो, कैलाश सिंह, शंकर मुर्मू, गुरु पद सिंह, ग्राम प्रधान श्याम सुंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
Edited By Sarita Mahato

